मोतिहारी।
जिले में प्रतिकूल मौसम के चलते 07 जनवरी तक शैक्षणिक गतिविधियां प्रतिबंधित की गई थी। जिले में लगातार जारी ठंड एवं शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। तापमान में अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है, तथा मौसम की परिस्थितियां अभी भी अत्यंत विपरीत बनी हुई हैं, जो विशेष रूप से बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक सिद्ध हो सकती हैं।
इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तथा विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के हित में पूर्व में जारी आदेश की अवधि को विस्तारित किया जाना आवश्यक हो गया है। जिसको लेकर जिला प्रशासन, पूर्वी चंपारण द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा कोचिंग संस्थानों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियां दिनांक 10.01.2026 तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। वहीं ठंड एवं मौसम की स्थिति की निरंतर समीक्षा की जा रही है तथा परिस्थितियों के अनुरूप अग्रतर निर्णय लिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि बच्चों एवं बुजुर्गों को अनावश्यक रूप से ठंड के संपर्क में आने से बचाएं तथा आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।जबकि विद्यालयों में चल रही सभी प्रकार की परीक्षाओं का आयोजन इस प्रतिबंध से मुक्त रहेगा।




Total Users : 16031
Views Last 30 days : 2420
Views This Month : 1316