जेडीयू युवा के प्रदेश सचिव बने अश्विनी गौरव, कार्यकर्ताओं में हर्ष
संगठन की मजबूती और युवाओं को पार्टी से जोड़ना होगी प्राथमिकता
मोतिहारी।
सुगौली के जेडीयू के युवा नेता अश्विनी गौरव को युवा प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके प्रदेश सचिव बनाए जाने पर सुगौली सहित पूर्वी चंपारण जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे जिले के युवाओं के लिए गौरव की बात बताते हुए प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया है।
अश्विनी गौरव को नई जिम्मेदारी मिलने पर कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी। साथ ही युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी और पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
युवा प्रदेश सचिव बनाए जाने पर अश्विनी गौरव ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। संगठन की मजबूती, पार्टी के विस्तार और युवाओं को जेडीयू से जोड़ने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा और नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। संगठन की ओर से मिलने वाले दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास करेंगे।
अश्विनी गौरव को प्रदेश सचिव बनाए जाने पर नरकटिया विधायक विशाल शाह, पूर्व एमएलसी सतीश कुमार, जिला सचिव मो. साबिर, दीपक पटेल, रंजन कुमार, मनोज कुमार, रामश्रय पासवान, कबीर पटेल, ब्रजेश पटेल, विकास कुमार और आर्यन कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।


