मोतिहारी।
सुगौली रेल थाना में पदस्थापित आरक्षी मोहन सिंह के सेवानिवृत्त होने पर विदाई दी गई। वे बीते चार वर्षों से सुगौली जीआरपी में आरक्षी के पद पर कार्यरत थे। सन 1985 में उन्होंने पुलिस सेवा में योगदान दिया था और आरक्षी के पद पर ही सेवा में बहाल होकर उसी पद से सेवानिवृत्त हुए, जो उनकी सादगी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है। मोहन सिंह के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर सुगौली रेल थानाध्यक्ष बीके झा के नेतृत्व में रेल थाना परिसर में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में स्थानीय रेल प्रशासन के पदाधिकारियों के साथ-साथ समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शिरकत की। सभी ने उन्हें विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य व स्वस्थ जीवन की कामना की।
विदाई समारोह के दौरान सेवानिवृत्त आरक्षी मोहन सिंह भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि “करीब चालीस वर्षों तक अपनों के साथ रहकर सेवा की और आज उन्हीं अपनों से जुदा हो रहा हूं। यह पल मेरे लिए जीवन भर यादगार रहेगा।” उनके शब्दों ने उपस्थित लोगों को भी भावुक कर दिया। समारोह के अंत में रेल थानाध्यक्ष बीके झा ने मोहन सिंह को अंगवस्त्र व स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।


