हरसिद्धि में प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार का एक्शन,थानाध्यक्ष बनते ही पंचायतों में लगाएंगे जनता दरबार, बोले-पुलिस सीधे जनता से करेगी बात
मोतिहारी।
हरसिद्धि थाना का प्रभार संभालते ही प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक नई पहल शुरू की है। डीएसपी ऋषभ कुमार ने थाना क्षेत्र के सभी पंचायतों में खुद जाकर जनता दरबार लगाने की घोषणा की है। इस पहल को धरातल पर उतारते हुए, प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभकुमार ने हरसिद्धि थाना क्षेत्र के पकड़िया पंचायत में पहला जनता दरबार लगाया। इस दौरान पंचायत के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। हालांकि, मौके पर केवल चार-पांच आवेदन ही प्राप्त हुए। लोगों की उपस्थिति और उत्साह को देखकर डीएसपी ऋषभकुमार ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इसे पुलिस और जनता के बीच बढ़ते भरोसे का संकेत बताया।
जनता दरबार को संबोधित करते हुए डीएसपी ऋषभ कुमार ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को कोई समस्या है, तो वह सीधे थाना आकर उनसे मिल सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी बिचौलिये या मीडिया के सहारे जाने की आवश्यकता नहीं है; पुलिस सीधे जनता से बात कर उनकी समस्याओं का समाधान करेगी।डीएसपी की इस बात को सुनकर जनता दरबार में मौजूद लोग काफी खुश हुए और उनकी इस पहल की सराहना की। लोगों ने कहा कि पुलिस अधिकारी का खुद गांव में आकर समस्याएं सुनना एक सकारात्मक कदम है, जिससे आम जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होगी।
प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार ने दोहराया कि जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से वे पंचायतों में जाकर लोगों की समस्याओं को जानने और उनका समय पर निपटारा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरसिद्धि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने और जनता को न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।


