मोतिहारी।
जिले के सुगौली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ फंदे से लटके एक प्रेमी जोड़े के शव बरामद किए गए हैं। घटना सुगौली थाना क्षेत्र के बैधा सरेह की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सुगौली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक दोनों हरसिद्धि थाना क्षेत्र के योगिया के बताए गए है।
परिजनों के अनुसार सोमवार की शाम अचानक दोनों घर से गायब हो गए। जिसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रात भर खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो मंगलवार की सुबह एक बार फिर तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों ने देखा कि दोनों शव एक ही ओढ़नी के सहारे पेड़ से लटके हुए थे। इसके बाद शवों को नीचे उतारकर तुरंत सुगौली पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


