मोतिहारी।
सुगौली नगर के सरगम सिनेमा रोड स्थित बंधन बैंक की शाखा द्वारा बीमा की राशि समय पर नहीं देने पर पीड़ित परिवार ने आक्रोश जताया है। बीमा राशि के भुगतान में करीब 15 महीने की देरी से नाराज परिजन आक्रोशित बीमा धारक के परिजनों ने बैंक परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि बैंक कर्मियों द्वारा लगातार टालमटोल और सिर्फ आश्वासन दिए जाने से वे मानसिक व आर्थिक रूप से परेशान हो चुके हैं।
मामला प्रखंड के उत्तरी मनसिंघा पंचायत के खोड़ा निवासी राहुल कुमार तिवारी से जुड़ा है। राहुल कुमार तिवारी ने बताया कि उनकी पत्नी पूर्णिमा देवी ने बंधन बैंक से 2 लाख 20 हजार रुपये का ऋण लिया था। ऋण लेते समय बैंक के माध्यम से बीमा भी कराया गया था। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी ने ऋण की लगभग सभी किस्तें समय पर चुका दी थीं, लेकिन अंतिम किस्त जमा करने से पहले ही करीब 15 महीने पूर्व उनका निधन हो गया। उन्होंने कहा कि पत्नी की मृत्यु के बाद उन्होंने बैंक में बीमा से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा कर दिए थे। इसके बावजूद बैंक की सुगौली शाखा में उनके कागजात लगभग आठ महीने तक दबाकर रखे गए।
इस दौरान वह रोजाना बैंक का चक्कर लगाते रहे, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ काम हो जाएगा कहकर टाल दिया गया। उन्होंने कहा कि 15 महीने बीत जाने के बाद भी बीमा की राशि नहीं मिलने से परिवार गंभीर आर्थिक संकट में फंस गया है। मजबूर होकर उन्हें बैंक में विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। इस दौरान बैंक परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल भी बना रहा। इस मामले में बंधन बैंक के शाखा प्रबंधक चंदन कुमार ने कहा कि उन्हें शाखा में आए हुए मात्र सात महीने हुए हैं और यह मामला उनके कार्यकाल से पहले का है। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे प्रकरण की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और जल्द समाधान का प्रयास किया जा रहा है।


