मोतिहारी।
समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्वी चंपारण जिले का भ्रमण कर योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्वी चंपारण में 34 करोड़ रु० की लागत की 40 योजनाओं का शिलान्यास तथा 138 करोड़ रु० की लागत की 30 योजनाओं का उद्घाटन किया। भ्रमण के दौरान मोतिहारी में महिला आईटीआई में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निरीक्षण किया और वहां उपस्थित छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इसके अतिरिक्त मंजुराहा गांव में पुल निर्माण कार्य तथा अन्य योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया।
यात्रा के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों तथा योजनाओं की अधिकारियों के साथ समीक्षा की और निर्देश दिया कि अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित कर पूर्ण करें। यात्रा के ही क्रम में मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में भाग लिया तथा लोगों को संबोधित भी किया। मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।
समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, संबद्ध विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, चम्पारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक हरकिशोर राय, पूर्वी चम्पारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पूर्वी चम्पारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।



Total Users : 17215
Views Last 30 days : 1323
Views This Month : 534