Explore

Search

July 24, 2026 9:27 am

IAS Coaching

शांति और सौहार्द से होली का पर्व मनाने का जिला प्रशासन ने किया अपील

शांति और सौहार्द से मनाए होली का पर्व
–जिला प्रशासन

मोतिहारी।

होली के पावन पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक  स्वर्ण प्रभात के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी आदेश में जिले के समस्त प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होलिका दहन 02 मार्च 2026 की रात्रि को संपन्न होगा, जबकि होली पर्व 03 एवं 04 मार्च 2026 को मनाया जाएगा। किसी भी विवादित स्थल पर होलिका दहन न हो, इसके लिए समस्त अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे होलिका दहन स्थलों का स्वयं भ्रमण कर स्थिति का जायज़ा लें। संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहाँ विशेष सतर्कता बरती जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करें, सदस्यों से निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा स्थानीय निवासियों के साथ समन्वय स्थापित करें। शांति समिति के समस्त सदस्यों के संपर्क नंबर थाना प्रभारी अपनी पंजी में संधारित करेंगे।

विधि-व्यवस्था पर निरंतर दृष्टि रखने के लिए पूर्वी चंपारण समाहरणालय, मोतिहारी में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। साथ ही, सभी अनुमंडल कार्यालयों में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, जो 02 मार्च 2026 की दोपहर से 05 मार्च 2026 तक अनवरत सक्रिय रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06252-242418 पर चौबीसों घंटे कार्यरत रहेगा।

जिले भर में चिह्नित 531 स्थानों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिसके अंतर्गत मोतिहारी सदर अनुमंडल में 215, सिकरहना अनुमंडल में 154, पकड़ी दयाल अनुमंडल में 96, चकिया अनुमंडल में 89, रक्सौल में 45 तथा अरेराज अनुमंडल में 32 स्थान सम्मिलित हैं। प्रत्येक अनुमंडल में वरीय अधिकारियों को विशेष दायित्व सौंपे गए हैं।

पकड़ीदयाल में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, अरेराज में एडीएम PGRO श्री शैलेंद्र कुमार भारती, चकिया में एडीएम विभागीय जांच मो. शिबगतूल्लाह, रक्सौल में जिला बंदोबस्त पदाधिकारी श्री कुमार विवेकानंद, सिकरहना में जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री रामजन्म पासवान तथा मोतिहारी सदर में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री अरुण कुमार को यह उत्तरदायित्व दिया गया है। सभी वरीय अधिकारी अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहते हुए स्थिति पर नजर रखेंगे।

जिले के समस्त थानों को अलर्ट मोड में रखा गया है तथा चौकीदार-दफादार के माध्यम से आसूचना संग्रह को सुदृढ़ किया जाएगा। दंगा निरोधी दस्ता, SDRF टीम, फायर सर्विस, चिकित्सा दल, एंबुलेंस एवं क्विक रिस्पांस टीम को पूर्ण सतर्कता की स्थिति में तैनात किया गया है। थाना एवं प्रखंड स्तर पर भी QRT का गठन किया गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

अफवाहों को समाज में तनाव का कारण बनने से रोकने के लिए सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं तथा किसी भी भ्रामक सूचना का तत्काल खंडन कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित किया जाएगा। इस हेतु पुलिस कार्यालय द्वारा समस्त साइबर सेल को एक्टिव मोड में रखा गया है।

पर्व के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा तथा अश्लील गानों के प्रसारण पर भी सख्त रोक रहेगी। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को लाउडस्पीकर एवं डीजे मालिकों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया गया है। राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु विशेष सतर्कता बरती जाएगी। रेलवे स्टेशन, रेलवे लाइन, बस स्टैंड, आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

होली पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को दिया गया है। सदर अस्पताल एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर एंबुलेंस एवं चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आकस्मिक चिकित्सीय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

जिला प्रशासन समस्त नागरिकों से हार्दिक अपील करता है कि वे शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ होली का पावन पर्व मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष (दूरभाष: 06252-242418) अथवा निकटतम थाना को दें।

 

Khabare Abtak
Author: Khabare Abtak

Leave a Comment

लाइव टीवी
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
पंचांग
rashifal code
सोना चांदी की कीमत
Marketing Hack4u