Explore

Search

July 24, 2026 3:39 am

IAS Coaching

जिला पदाधिकारी ने सदर अस्पताल स्थित पीकू वार्ड का निरीक्षण किया

मोतिहारी।

जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल ने सदर अस्पताल स्थित पीकू वार्ड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सक, डीपीएम एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के क्रम में पीकू वार्ड में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा बच्चों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने वार्ड में भर्ती बच्चों के परिजनों एवं किजन से सीधे संवाद स्थापित कर इलाज की गुणवत्ता एवं अस्पताल प्रबंधन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। परिजनों से पूछा गया कि बच्चों का समुचित उपचार समय पर किया जा रहा है अथवा नहीं, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ द्वारा नियमित रूप से देखभाल की जा रही है या नहीं तथा भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ समय पर उपलब्ध हो रही हैं अथवा नहीं।

निरीक्षण के दौरान अधिकांश परिजनों द्वारा अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं एवं चिकित्सकों की तत्परता पर संतोष व्यक्त किया गया। जिला पदाधिकारी ने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि बच्चों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा सभी मरीजों के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के इलाज एवं आपात स्वास्थ्य सेवाओं में त्वरित प्रतिक्रिया अत्यंत आवश्यक है तथा पीकू वार्ड को हर समय पूर्ण रूप से क्रियाशील रखा जाए।

पीकू वार्ड में एईएस एवं जेई से प्रभावित बच्चों के उपचार हेतु विशेष व्यवस्था संचालित की जा रही है, ताकि गंभीर स्थिति वाले बच्चों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन द्वारा लगातार यह प्रयास किया जा रहा है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हों तथा उपचार के दौरान परिजनों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त भी उपस्थित रहे। पीकू वार्ड के समीप मरीजों के परिजनों के ठहराव एवं प्रतीक्षा की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक शेड की आवश्यकता महसूस की गई। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र अग्रेतर कार्रवाई करते हुए शेड निर्माण हेतु आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया, ताकि अस्पताल आने वाले परिजनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

 

Khabare Abtak
Author: Khabare Abtak

Leave a Comment

लाइव टीवी
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
पंचांग
rashifal code
सोना चांदी की कीमत
Marketing Hack4u