रामपुकार सिन्हा के नामांकन से NDA में हलचल, RLM के तीन विधायक साथ
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रदेश महासचिव एवं प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामपुकार सिन्हा ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान RLM के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक आलोक सिंह, प्रधान राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक माधव आनंद तथा बाजपट्टी विधायक रामेश्वर महतो समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रामपुकार सिन्हा के नामांकन में RLM के तीन विधायकों की मौजूदगी को लेकर बिहार की सियासत में चर्चा तेज हो गई है।
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से NDA की ओर से JDU के आनंद पुष्कर उम्मीदवार हैं, जबकि रामपुकार सिन्हा स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में हैं। नामांकन कार्यक्रम में RLM के प्रदेश अध्यक्ष सहित तीन विधायकों के शामिल होने से गठबंधन के भीतर अलग-अलग रुख को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं, विधायक माधव आनंद ने इसे कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता से जोड़ते हुए रामपुकार सिन्हा के समर्थन की बात कही है। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में RLM कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी भी देखने को मिली। अब सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में रामपुकार सिन्हा की उम्मीदवारी और RLM के नेताओं के रुख पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं।


