मोतिहारी।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ( आईएमए ), बिहार के अध्यक्ष पद को सुशोभित करने वाले बिहार के ख्यातिलब्ध चिकित्सक व चंपारण के अमूल्य धरोहर डाॅ. आशुतोष शरण का अभिनंदन सह सम्मान समारोह का आयोजन गुरुवार को शहर के एमकेडी पब्लिक स्कूल परिसर में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। माॅ कौशल्या देवी एजुकेशनल एण्ड डेवलपमेंट ट्रस्ट, मोतिहारी के तत्त्वावधान में आयोजित समारोह का विधिवत उद्घाटन डाॅ. चन्द्रलता झा, डाॅ. आशुतोष शरण, डाॅ. जे. एन.गुप्ता, डाॅ. स्वस्ति सिन्हा, डाॅ. सी. बी. सिंह, डाॅ. तबरेज अजीज, डाॅ. सुशील कुमार सिन्हा, डाॅ. विनीता वर्मा, प्रो. रामनिरंजन पाण्डेय एवं संजय पाण्डेय ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह की अध्यक्षता डाॅ. चंद्रलता झा ने की। आगत अतिथियों का स्वागत वरीय संस्कृतिकर्मी व पत्रकार संजय पाण्डेय ने किया। समारोह को संबोधित करते हुए चिकित्सक डाॅ.अतुल कुमार ने कहा कि इंटलेक्चुअल्स के समूह का नेतृत्व करना बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्र में चंपारण को एक साथ नेतृत्व प्रदान करने व मार्गदर्शन देने वाले बहुआयामी शख्सियत डाॅ. आशुतोष शरण का बिहार आईएमए को नेतृत्व प्रदान करना चंपारण के लिए गर्व की बात है। युवा साहित्यकार डाॅ.विनय कुमार सिंह ने डाॅ. आशुतोष को चंपारण का धरोहर बताया एवं कहा कि चंपारण के लिए गर्व की बात है कि यहाॅ डाॅ. आशुतोष शरण की जैसा गुणवान चिकित्सक है। मानस मर्मज्ञ प्रो. रामनिरंजन पाण्डेय ने कहा कि डाॅ. आशुतोष की इस उपलब्धि पर गौरव की अनुभूति हो रही है, जितना आह्लादित हूॅ, उसके लिए शब्द- पुष्प नही है। प्रो. पाण्डेय ने कहा कि अपने पुत्र डाॅ. आशुतोष की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को देख स्वर्गलोक से उनके पिता डाॅ. शंभू शरण प्रफुल्लित हो रहे होंगे।
चिकित्सक डाॅ. तबरेज अजीज ने कहा कि डाॅ. आशुतोष का बिहार आईएमए का अध्यक्ष बनना सिर्फ चंपारण ही नही, बल्कि पूरे चिकित्सा जगत के लिए गौरव की बात है। उन्होंने डाॅ. आशुतोष को शुभकामनाएँ दीं तथा उम्मीद जतायी कि डाॅ. आशुतोष अपनी प्रतिभा से आईएमए को एक नयी चमक एवं नयी दिशा देंगे। वरीय चिकित्सक डाॅ. सी बी. सिंह ने कहा कि डाॅ. आशुतोष शरण के इस पद पर चुने जाने से चंपारण की इज्जत बढ़ी है एवं हमसबो का मान- सम्मान भी बढ़ा है। डाॅ. सिंह ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि आने वाले दिनों में डाॅ.आशुतोष इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष पद को भी सुशोभित करेंगे। अपने अभिनंदन सह सम्मान समारोह से आह्लादित डाॅ. आशुतोष शरण ने भावुक लहजे में कहा कि आज का दृश्य देखकर यह अहसास हुआ कि जीवन में माॅ- बाप के बाद अभिभावक, रिश्तेदार व दोस्त भी होते हैं, जो आपसे असीम गहराइयो तक जुड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के इस मंदिर में डाॅ. चन्द्रलता झा जैसी महान शख्सियत के करकमलो सम्मानित होना मेरे लिए गौरव की बात है। डाॅ. चन्द्रलता झा से अपने स्नेह व पारिवारिक रिश्ते का बखान करते हुए डाॅ. आशुतोष ने कहा कि डाॅ. चन्द्रलता ने अपने परिवार को सांस्कारित कर चिकित्सा के क्षेत्र में तीन पीढ़िया सौगात स्वरुप दी हैं। डाॅ.आशुतोष ने कहा कि भविष्य में हम कोई उल्लेखनीय कार्य करते हैं तो हम चाहेंगे कि माॅ समान इस महान विभूति के करकमलो फिर से हमें सम्मानित होने का सौभाग्य प्राप्त हो।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डाॅ. चन्द्रलता झा ने कहा कि डाॅ.आशुतोष शरण में मैं उनके पिता व बिहार के ख्यातिलब्ध चिकित्सक डाॅ. शंभू शरण की छवि देखती हूॅ। उन्होंने कहा कि डाॅ.आशुतोष का बिहार आईएमए अध्यक्ष पद पर जाना व्यक्तिगत तौर पर मेरे लिए गर्व की बात है। डाॅ. चन्द्रलता ने कहा कि अंतरात्मा की आवाज पर बिना किसी आडंबर के डाॅ.आशुतोष का अभिनंदन समारोह आयोजित करने से हम खुद को रोक नही पाए। उन्होंने डाॅ.आशुतोष को आईएमए अध्यक्ष के रुप में नये कीर्तिमान स्थापित करने के लिए अपनी ओर से ढेरो शुभकामनाएँ दी।
मौके पर मदन झा, डाॅ.नीना झा, डाॅ. सुमीत गुप्ता, डाॅ. धीरज शर्मा, डाॅ. चाॅदनी सिंह, डाॅ. कुणाल काॅत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। समारोह का सफल संचालन मुंशी सिंह काॅलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. ( डॉ. ) अरुण कुमार किया। धन्यवाद ज्ञापन डाॅ. अभिलाषा झा ने दिया।
