मोतिहारी।
अरेराज के अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अरेराज तथा संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा अनुमंडल क्षेत्र के चारों प्रखंडों में संचालित विभिन्न एलपीजी गैस एजेंसियों यथा – कुन्दन भारत गैस एजेंसी, अरेराज; सिसवा इंडेन ग्रामीण गैस एजेंसी, पहाड़पुर; गोकर्ण इंडेन ग्रामीण वितरक, मठलोहियार हरसिद्धि; शांति एचपी गैस ग्रामीण वितरक, मटियरिया हरसिद्धि तथा आर.एंड एच. एच.पी. गैस एजेंसी, संग्रामपुर सहित अन्य एजेंसियों का भ्रमण कर गैस आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान सभी गैस एजेंसियों को नियमित रूप से भंडार पंजी, स्टॉक रजिस्टर तथा स्टॉक प्रदर्शन पटल का संधारण करने का निर्देश दिया गया। क्षेत्र में यह पाया गया कि अफवाहों एवं उपभोक्ताओं के बीच फैली चिंता के कारण अचानक गैस रिफिल के आवेदनों में वृद्धि हो गई है।
आईओसीएल से संबंधित इंडेन गैस एजेंसियों में पिछले दो–तीन दिनों से सर्वर/तकनीकी समस्या के कारण बॉटलिंग प्लांट से गैस की आपूर्ति बाधित रही, जिसके कारण संबंधित गैस वितरकों के यहां उपभोक्ताओं को गैस रिफिल प्राप्त करने के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। वितरकों द्वारा बताया गया कि कंपनी द्वारा इस समस्या को शीघ्र दूर किए जाने की संभावना है। वहीं बीपीसीएल एवं एचपीसीएल से संबंधित एजेंसियों में गैस की आपूर्ति सामान्य पाई गई।
इस दौरान हरसिद्धि स्थित एचपीसीएल बॉटलिंग प्लांट का भी निरीक्षण किया गया, जहां पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध पाई गई। स्टॉक रजिस्टर का संधारण व्यवस्थित था तथा गैस की आपूर्ति एवं डिस्पैच की प्रक्रिया सामान्य रूप से संचालित हो रही थी।
सभी गैस एजेंसियों को “फर्स्ट इन फर्स्ट आउट” सिद्धांत के आधार पर उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने, स्टॉक रजिस्टर एवं स्टॉक प्रदर्शन बोर्ड का नियमित संधारण करने तथा उपभोक्ताओं को KYC, Delivary Authentication Code के कारण गैस डिलीवरी में आ रही समस्याओं को दूर करने हेतु, जागरूक करने का निर्देश दिया गया। सभी वितरकों को सख्त हिदायत दी गई कि एल.पी.जी. सिलिंडर वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता संज्ञान में आने एवं जांच में सही पाए जाने पर संबंधित गैस एजेंसी पर विभागीय प्रावधानों एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा आम जनता को सूचित किया गया है कि क्षेत्र में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है, अतः किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी अथवा अनुमंडल पदाधिकारी, अरेराज को सूचित करने का अनुरोध किया गया है।


