अनुमंडल पदाधिकारी,अरेराज की अध्यक्षता में अनुमंडलीय सभागार भवन में अनुमंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति (आपूर्ति) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अरेराज (सचिव), अनुमंडल अंतर्गत प्रखंडों के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक एवं अनुश्रवण समिति के माननीय सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में जन वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। विभागीय निर्देशों के अनुरूप पी.एच.एच. एवं अंत्योदय राशन कार्डधारियों को निर्धारित मात्रा में निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण नियमपूर्वक सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। सभी सदस्यों से अनुरोध किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में ePoS डिवाइस के माध्यम से लाभार्थियों के बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण द्वारा किए जा रहे खाद्यान्न वितरण पर सतत निगरानी रखें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता संज्ञान में आने पर प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समुचित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लाभार्थियों को सही मात्रा में खाद्यान्न की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
माह जनवरी 2026 के खाद्यान्न वितरण की स्थिति की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि अब तक 90 प्रतिशत से अधिक राशन कार्डधारियों द्वारा खाद्यान्न प्राप्त किया जा चुका है। शेष छुटे हुए लाभार्थियों को राशन प्राप्त करने हेतु जागरूक करने का अनुरोध सभी सदस्यों से किया गया। साथ ही अवगत कराया गया कि विभाग द्वारा जनवरी 2026 माह के खाद्यान्न वितरण की अंतिम तिथि 03.02.2026 तक विस्तारित की गई है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम अंतर्गत चयनित लाभार्थियों के e-KYC की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा इसे शीघ्र शत-प्रतिशत करने हेतु माननीय सदस्यों से सुझाव लिए गए। सदस्यों से यह भी अनुरोध किया गया कि वे अपने स्तर से e-KYC की अनिवार्यता के संबंध में लाभुकों को जागरूक करें, ताकि e-KYC नहीं होने के कारण किसी वास्तविक पात्र लाभार्थी का नाम राशन कार्ड से विलोपित न हो।
बैठक में विभाग द्वारा चिह्नित संदेहास्पद एवं अपात्र राशन कार्डधारियों के विरुद्ध निर्गत नोटिस की जानकारी भी दी गई। साथ ही अनुमंडल अंतर्गत छूटे हुए पात्र परिवारों के राशन कार्ड निर्माण की प्रक्रिया से सभी सदस्यों को अवगत कराते हुए उनसे सुझाव प्राप्त किए गए, ताकि केवल पात्र परिवारों को ही राशन कार्ड निर्गत किया जा सके और कोई भी पात्र परिवार लाभ से वंचित न रहे। सभी माननीय सदस्यों से अपात्र राशन कार्डधारियों के नाम विलोपित कराने में प्रशासन को सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया गया।


