मोतिहारी।
पूर्वी चंपारण के सुगौली में राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की बैठक में स्थानीय राजद विधायक के खिलाफ कार्यकर्ताओं का गुस्सा दिखा। जहां राजद कार्यकर्ताओं ने बगावत का विगुल फूंक दिया है। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष हारून रशीद ने की। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष रेयाजूल हक मुन्ना, जिलाध्यक्ष मैनूद्दीन नबाव उर्फ फूडू, वाजीद अली, इजहार हुसैन, ध्रूप साह सहित कई नेता मौजूद रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं ने विधायक पर भेदभाव का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनकी अनदेखी की जा रही है। टिकट बंटवारे में स्थानीय नेताओं को नजरअंदाज किया गया तो पार्टी को नुकसान होगा।
बैठक में ‘बाहरी भगाओ, स्थानीय लाओ’ के नारे लगे। अफरोज आलम ने कहा कि अगर पार्टी स्थानीय व्यक्ति को टिकट देती है तो सभी कार्यकर्ता मिलकर चुनाव जितवाएंगे। लेकिन वर्तमान विधायक को टिकट मिला तो हार तय है। दीपू मिश्रा ने कहा कि विधायक को टिकट मिला तो पार्टी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ेगा। पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अरविंद यादव ने दावा किया कि अगर शशिभूषण सिंह को फिर से प्रत्याशी बनाया गया तो हार होगी। बैठक में राजद के नये प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल को बधाई दी गई।


