प्रशांत किशोर की ‘बिहार बदलाव सभा’, कहा- इस बार लालू, नीतीश और मोदी के चेहरे पर नहीं, बल्कि अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट देना है
मोतिहारी।
बिहार में संपूर्ण क्रांति और व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से शुरू की गई ‘बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर एक दिवसीय दौरे पर पूर्वी चंपारण पहुंचे।उन्होंने जिले के हरसिद्धि और पताही प्रखंड में आयोजित ‘बिहार बदलाव सभा’ को संबोधित किया। प्रशांत किशोर का विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में पार्टी और उनके समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल- नगाड़ों के साथ समर्थकों ने उन्हें फूल- माला से लाद दिया। इसके साथ ही उनके कई समर्थकों ने उन्हें लीची देकर उनका स्वागत किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में अधिकारी और नेता राशन कार्ड बनाने से लेकर जमीन की रसीद कटाने तक के लिए रिश्वत ले रहे हैं, जिससे आम लोग परेशान हैं। उन्होंने चंपारण की जनता से अपील की कि उन्हें और उनके बच्चों को लूटने वाले नेताओं को वोट न दें। अगली बार अपने बच्चों के लिए वोट दें और बिहार में जनता का राज स्थापित करें। बिहार में व्यवस्था परिवर्तन कर जनता का राज स्थापित करने के लिए नेताओं का चेहरा देखकर वोट न करें। चुनाव में वोट लालू, नीतीश और मोदी के चेहरे पर नहीं अपने बच्चों के चेहरे को देखकर दीजिएगा। अगली बार अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट करें।
प्रशांत किशोर ने जनता को उदाहरण देते हुए समझाया कि बिहार के लोगों को लालू जी से सीखना चाहिए कि बच्चों की चिंता क्या होती है। उन्होंने कहा कि लालू जी का बेटा 9वीं पास भी नहीं किया है, फिर भी वह चाहते हैं कि उनका बेटा राजा बने और दूसरी तरफ बिहार के लोग जिनके बच्चे मैट्रिक, बी.ए. (B.A), एम.ए. (M.A) कर चुके हैं, फिर भी उन्हें नौकरी नहीं मिल रही है। जनसभा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री मोदी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी का नाम भी याद नहीं है, उन्हें भाजपा ने बिहार की 13 करोड़ जनता पर थोप रखा है। नीतीश कुमार की मानसिक और शारीरिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे सरकार चला सकें। फिर भी पिछले दरवाजे से सरकार में घुसने के लिए भाजपा ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बना रखा है। हम लगातार कह रहे हैं कि मोदी जी और अमित शाह बताएं कि क्या नीतीश कुमार ही NDA के मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे।


