मोतिहारी।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय सुगौली पहुंचे। जहां उनका स्थानीय भाजपा नेता रामगोपाल खंडेलवाल के आवास पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर पछर्व मंत्री रामचंद्र सहनी, भाजपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल खंडेलवाल और शैलेंद्र मिश्रा ने केंद्रीय राज्य मंत्री का अभिनंदन किया। नित्यानंद राय ने पीएम मोदी के 18 जुलाई को मोतिहारी के गांधी मैदान में आगमन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। साथ हीं भ्रमण करके लोगों के बीच निमंत्रण दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार से गहरा लगाव है, जिसके चलते वे अब तक 52 बार बिहार का दौरा कर चुके हैं। श्री राय ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिहार में विकास की गंगा बह रही है और राज्य को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भारी सौगातें मिली हैं। उन्होंने विशेष रूप से बिहार में गरीबी दर में कमी का जिक्र किया और कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं, जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत कार्ड ने गरीबों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही, उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में चल रही मुख्यमंत्री आवास योजना और अन्य विकास परियोजनाओं की सराहना की। श्री राय ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संयुक्त प्रयासों से बिहार में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। बिहार अब जंगलराज से निकलकर विकास के पथ पर अग्रसर है। श्री राय ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों में जुटने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन बिहार में विकास और सुशासन के एजेंडे को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को प्रचारित करने का निर्देश दिया, ताकि बिहार की जनता का विश्वास और समर्थन और मजबूत हो सके। स्वागत समारोह में मौजूद भाजपा नेता रामगोपाल खंडेलवाल ने कहा कि नित्यानंद राय का सुगौली आगमन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। शैलेंद्र मिश्रा ने भी इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के लिए कार्य करने की अपील की।
मौके पर पूर्व मंत्री रामचंद्र सहनी ने भी एनडीए की मजबूती को लेकर अपना विचार व्यक्त किया। मौके पर जिला अध्यक्ष अशोक पांडेय, जिला उपाध्यक्ष विकास शर्मा, राम इकबाल प्रसाद, संजय संजू, राजू भगत, पंकज लोचन मिश्रा, सोना लाल सहनी, चंदन गुप्ता, रिन्टु मिश्रा, बृजकिशोर पासवान, विनोद सिंह आदी कई लोग मौजूद थे।


