बेतियां।
बगहा प्रखंड के चौतरवा स्थित कमल प्लांट मैदान में जीविका द्वारा रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियों ने भाग लेकर अपना पंजीकरण कराया तथा अपनी योग्यता एवं कार्यानुभव के अनुसार विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर जाकर रोजगार के अवसर तलाशे।
इस रोजगार मेले में सेल्स एंड मार्केटिंग, हॉस्पिटैलिटी एवं मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्रों से जुड़ी निजी कंपनियों ने भाग लिया। मेले में कुल 18 स्टॉल लगाए गए, जिनमें NIIT Foundation, Quess Corp, SIS Securities, प्रथम एजुकेशन, एल.एन.जे. इंस्टिट्यूट ऑफ स्किल्स, आशा दीप कम्युनिटी कॉलेज, नवभारत फर्टिलाइजर्स के साथ-साथ डीआरसीसी एवं आरसेटी ने भी युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। मेले का उद्घाटन जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक आर. के. निखिल, प्रोजेक्ट मैनेजर (जॉब्स एंड स्किल्स) कमल किशोर, मुखिया प्रतिनिधि आनंद शाही, प्रखंड परियोजना प्रबंधक विनोद कुमार एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह मेला पंचायत एवं प्रखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार से जुड़ने का सुनहरा अवसर है। प्रोजेक्ट मैनेजर कमल किशोर ने बताया कि जीविका केवल सरकार के मानकों पर खरा उतरने वाली कंपनियों को ही आमंत्रित करती है, जिससे युवाओं को सुरक्षित एवं भरोसेमंद रोजगार मिल सके।
जिला परियोजना प्रबंधक श्री आर. के. निखिल ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने दीदियों को भी प्रेरित किया कि जो युवा मेले में नहीं आ सके, उनका कौशल पंजी के माध्यम से ग्राम संगठन स्तर पर पंजीकरण कराया जाए।


