Explore

Search

September 3, 2026 10:34 am

IAS Coaching

जांच एवं उपचार–चिकित्सा आपके द्वार अभियान का शुभारंभ

मोतिहारी।

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा गैर-संचारी रोगों एवं अन्य बीमारियों के लिए विशेष स्क्रीनिंग एवं उपचार अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पूर्वी चम्पारण जिले में नगर निगम, मोतिहारी की महापौर श्रीमती प्रीति गुप्ता एवं सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सदर अस्पताल, मोतिहारी में “जांच एवं उपचार–चिकित्सा आपके द्वार” विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि इस विशेष अभियान के अंतर्गत जिले में 30 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 25 लाख लक्षित व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। अभियान के दौरान मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सामान्य कैंसर, हृदय रोग, श्वसन एवं फेफड़ों से संबंधित रोग, फैटी लिवर, एनीमिया, सिफलिस सहित अन्य प्रमुख बीमारियों की जांच की जाएगी तथा संभावित रोगियों की पहचान कर उनके उपचार एवं आवश्यक फॉलो-अप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 02 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान स्वास्थ्य उपकेंद्र से लेकर जिला अस्पताल तक निर्धारित स्वास्थ्य संस्थानों पर स्क्रीनिंग एवं उपचार की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के तहत जिले के सभी आशा कार्यकर्ताओं द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में 30 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को जागरूक एवं प्रेरित कर आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक लाया जाएगा, जहां उनकी आवश्यक जांच एवं स्क्रीनिंग की जाएगी। जांच के उपरांत संभावित रोगियों को आवश्यक उपचार एवं उच्चतर स्वास्थ्य संस्थान में रेफरल की सुविधा उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया जाएगा।

सिविल सर्जन ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए जिले के सभी एएनएम, जीएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO), आयुष चिकित्सक एवं चिकित्सा पदाधिकारी अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्ति इस अभियान के दौरान अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं और किसी बीमारी की पहचान होने पर समय पर उपचार प्राप्त करें।
नगर निगम, मोतिहारी की महापौर श्रीमती प्रीति गुप्ता ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि “जांच एवं उपचार–चिकित्सा आपके द्वार” अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य जांच एवं उपचार केंद्रों पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराएं। उन्होंने आम लोगों से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की भी अपील की, ताकि जिले के सभी लक्षित व्यक्तियों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जा सके और संभावित रोगियों का समय पर उपचार प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान एवं उपचार से स्वस्थ एवं समृद्ध समुदाय के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर डॉ. शरतचंद्र शर्मा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. मुकेश कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक भारत भूषण, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अमानुल्लाह अमन, अस्पताल प्रबंधक कौशल दुबे, आशीष कुमार, एफएलसी सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Khabare Abtak
Author: Khabare Abtak

Leave a Comment

लाइव टीवी
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
पंचांग
rashifal code
सोना चांदी की कीमत
Marketing Hack4u