मोतिहारी।
सुगौली थाना क्षेत्र के छपवा मोतिहारी मुख्य मार्ग के छगराहां के सीप शनिवार को ट्रक की ठोकर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक थाना क्षेत्र के भरगावां पंचायत के छगराहां निवासी स्व. सूरजकांत झा का पुत्र सुजीत कुमार झा बताया गया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार मोतिहारी की ओर से तीव्र गति से आ रही ट्रक ने छगराहा स्थित बाजार के समीप एक युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ट्रक चालक भागने में सफल रहा। घटना के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए और आक्रोश में ट्रक को घेरकर सड़क पर शव रख नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलते हीं थानाध्यक्ष अनीश सिंह पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंच घटना का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया तथा आवश्यक जानकारी लेने के बाद लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु मोतिहारी भेज दिया। वहीं घटना की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों का रोरो कर बुरा हाल हो गया।


