मोतिहारी।
सुगौली थाना क्षेत्र के श्रीपुर जान चौक पर सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में डंपर चालक की मौत हो गई। अनियंत्रित डंपर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में घुस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार प्रखंड के उत्तरी श्रीपुर पंचायत स्थित श्रीपुर जान चौक पर एक डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बनी एक दुकान में जा घुसा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है।
मृतक की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के बैरियाडीह निवासी नमी पासवान के पुत्र मुन्ना पासवान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मुन्ना पासवान रेलवे में मिट्टी और बालू ढोने का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।


