मोतिहारी।
तुरकौलिया में दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रखंड सभागार भवन में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सीओ प्रभात कुमार ने की। इस दौरान पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण तथा असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा की गई। थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने स्पष्ट कहा कि दशहरा पर्व के दौरान डीजे बजाने पर पूर्णतः रोक रहेगी। यदि कहीं डीजे बजाने की सूचना मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पर्व के दौरान हुड़दंग करने वाले एवं माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। सीओ प्रभात कुमार ने कहा कि दशहरा पर्व को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
पूजा समितियों को भी प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। बैठक में हालांकि पूजा समिति के अध्यक्ष या सदस्य के शामिल नहीं होने पर प्रशासन ने उनके साथ अलग से बैठक करने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने बताया कि पूजा समितियों के सदस्यों को बुलाकर पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों, डीजे पर प्रतिबंध, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य नियमों की जानकारी दी जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की कि दशहरा पर्व को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। संदिग्ध गतिविधि या उपद्रव की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। बैठक में मुखिया रामजनम पासवान, बालेश्वर सिंह, सरपंच विजय सिंह, रसूल अंसारी, पंचायत समिति सदस्य ईदु देवान, शंभू साह, मुन्ना दुबे, रामबाबू पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे


