मोतिहारी।
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर राजकीय मध्य विद्यालय लूटहा में दिव्यांग बच्चों के खेलकूद नृत्य एवं संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने अपने प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार के साथ जिला स्तरीय पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा विभाग श्री प्रहलाद गुप्ता,वरीय उप समाहर्ता सुश्री निधि कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री ज्ञानेश्वर प्रकाश जिला खेल पदाधिकारी श्री शुभम कुमार जिला योजना पदाधिकारी श्री राहुल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि दिव्यांग बच्चों में असीम प्रतिभा होती है, जरूरत है उन्हें उचित अवसर प्रदान करने की।ऐसे बच्चे भी सामान्य बच्चों के जितना ही प्रतिभावान होते हैं। उन्होंने दिव्यांग बच्चों के अभिभावको एवं विद्यालय के शिक्षकों से अपील की कि ऐसे बच्चों को आगे बढ़ाने में हर संभव मदद करें। सरकार के द्वारा भी दिव्यांग जनों के लिए अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं जिसका लाभ बच्चों को दिलवाएं और उन्हें मुख्य धारा में शामिल करें। उप विकास आयुक्त ने कहा कि आज दिव्यांगजन हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा विभाग श्री प्रहलाद गुप्ता ने भी कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को शुभकामनाएं दीं। आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं- ट्राई साइकिल दौड़, पेंटिंग, संगीत, जलेबी दौड़ में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को उप विकास आयुक्त के द्वारा प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं जैकेट देकर सम्मानित किया गया। चयनित बच्चों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण भी किया गया। मौके पर मूक बधिर बच्चों ने सोलो माध्यम से नृत्य की प्रस्तुति कर सभी का मन मोह लिया।


