मोतिहारी।
सुगौली के कैथवलिया साहु टोला में शुक्रवार को नदी में डूबे छह साल के शहजाद आलम का शव शनिवार सुबह मिला। शव सिकरहना नदी में घटना स्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर उपलता मिला। शव देखते ही परिजन चीखने लगे। गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। शुक्रवार को तीन बच्चे नदी में नहाने गए थे। नहाते समय तीनों गहरे पानी में चले गए। साथ में मौजूद बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। दो बच्चे डूब गए। कुछ घंटे बाद 13 साल की नजेया खातून का शव बरामद हुआ। शहजाद की तलाश एसडीआरएफ टीम ने शुरू की। काफी मशक्कत के बाद शव नहीं मिल सका।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने नदी में शव देखा। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव बाहर निकाला गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेजा गया। थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मृतक शहजाद आलम कैथवलिया निवासी मुस्तकीम अंसारी का बेटा था। वह तीन बहन और दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था। नजेया खातून हसमुद्दीन अंसारी की बेटी थी। दोनों चचेरे भाई-बहन थे। एक साथ हुए हादसे से गांव गमगीन है। शहजाद की मां मुकिमा खातूं का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद वह बेटे के लौटने की राह देख रही थी। उसे अंदेशा था कि उसका पुत्र सही सलामत है। जैसे ही शव मिलने की खबर मिली, वह दहाड़ मारकर रोने लगी।


