नेपाल में बाढ़ के कारण गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में बिहार सरकार, आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन ने कई जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है. मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक की गई है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि गंडक नदी के आसपास न रहें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें.
नदियों और बाढ़ पर पिछले कई दशक से काम कर रहे इंजीनियर दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि नेपाल में आई अचानक बाढ़ के कारण पश्चिम चंपारण, बगहा, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज समेत आसपास के क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है. हालांकि नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है. लोगों को नदियों से दूर सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी गई है.
नेपाल में गंडक नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति उत्पन्न होने तथा गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए बिहार में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. गंडक नदी में लगभग 3 मीटर तक ऊंची फ्लैश फ्लड वेव/जलप्रवाह आने की संभावना व्यक्त की गई है. इससे गंडक नदी से जुड़े जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं.
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में आज उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलों के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस पदाधिकारी/पुलिस अधीक्षक बैठक में शामिल हुए। बैठक में विकसित हो रही स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने तथा आवश्यक बचाव एवं राहत तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए


