मोतिहारी।
शराब बरामदगी मामले में सुगौली पुलिस को भारी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पंजाब से आ रहे एक ट्रक कंटेनर में धान के भूसे के नीचे छिपाकर लाई जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब को पुलिस ने बरामद कर लिया। यह कार्रवाई पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के छपवा मोतिहारी मुख्य मार्ग के छगराहा स्कूल के समीप की गई। जहां पुलिस ने कंटेनर को रोककर सघन तलाशी ली। पुलिस जांच के दौरान कंटेनर में ऊपर-ऊपर भूसा भरा हुआ पाया गया। जब भूसे को हटाया गया, तो उसके नीचे सैकड़ों कार्टन अंग्रेजी शराब छुपाकर रखे गए थे। मौके से ट्रक चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस कंटेनर जब्त कर थाना लाई और आवश्यक कार्रवाई में जूट गई। वहीं गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है। सुगौली थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि यह कंटेनर पंजाब से चलकर हाजीपुर में शराब की आपूर्ति के इरादे से लाया जा रहा था। बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है।


