मोतिहारी।
पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र में महदेवा गांव के निकट मंगलवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों समेत 3 की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घोड़ासहन की ओर से लौट रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेपुर थाना क्षेत्र के सहभजिया गांव निवासी विनोद प्रसाद (55), अनिल प्रसाद (35) और गजेंद्र दास (40) एक ही स्कॉर्पियो से पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के सिरहा गांव में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। यह बारात इंद्रजीत प्रसाद की पुत्री की शादी के सिलसिले में गई थी।
इसी दौरान घोड़ासहन थाना क्षेत्र के महदेवा मसान गांव के समीप स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त है और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही घोड़ासहन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है।


