पटना।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मुख्य सचिवालय स्थित अधिवेशन कक्ष में विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर परियोजना को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस परियोजना के तहत विष्णुपद मंदिर क्षेत्र में कुल 694 संरचनाओं का विकास किया जाएगा। इनमें कमर्शियल शॉप, वाहन पार्किंग, श्रद्धालुओं एवं पिंडदानियों के लिए शेड, फल्गु नदी घाट का विकास एवं सौंदर्यीकरण, विष्णुपद मंदिर से मानपुर तक नदी घाट का विकास, सीता कुंड क्षेत्र का विकास आदि शामिल हैं। यह परियोजना लगभग 2390 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण की जाएगी।
परियोजना के अंतर्गत तीन स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जहां कुल 750 चार पहिया वाहनों के साथ-साथ 20 बसों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। विष्णुपद मंदिर और सीता कुंड के मध्य फल्गु नदी में भगवान विष्णु की 108 फीट ऊंची मिश्रधातु की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा तक पहुंचने के लिए पैदल पथ (पेडेस्ट्रियन पाथवे) का निर्माण कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालु आसानी से वहां तक पहुंच सकेंगे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि विष्णुपद मंदिर परिसर, फल्गु नदी के तटीय क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों का विकास इस प्रकार किया जाए कि मुख्य मंदिर तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से पिंडदान करने वाले लोग एवं श्रद्धालु यहां आते हैं, इसे ध्यान में रखते हुए परियोजना का कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विष्णुपद मंदिर और सीता कुंड के मध्य निर्मित होने वाले पैदल पथ की चौड़ाई कम से कम 20 फीट रखी जाए, ताकि आवागमन में कोई कठिनाई न हो। साथ ही, पर्याप्त वाहन पार्किंग की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं एवं पिंडदानियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।


