Explore

Search

July 24, 2026 5:48 am

IAS Coaching

शांतिपूर्ण तरीके से सद्भाव के वातावरण में मनायें मुहर्रम का त्यौहार- जिलाधिकारी

मोतिहारी।

मुहर्रम का पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से सद्भाव के साथ मनाने को लेकर विधि व्यवस्था के मद्देनजर जिला स्तरीय शांति समिति बैठक जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में संपन्न हुई।
बैठक में जिला के सभी छः अनुमंडलों से शांति समिति के सम्मानित प्रतिनिधिगण उपस्थित थे। जिलाधिकारी के द्वारा सर्वप्रथम सभी प्रतिनिधि गण का स्वागत किया गया एवं सभी प्रतिनिधि से एक-एक कर मुहर्रम पर्व की तैयारी की जानकारी प्राप्त की गई।यह भी पूछा गया की किन्ही के क्षेत्र में अगर कोई समस्या है तो उसे निश्चित रूप से बता दे ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। सभी सदस्य गण के द्वारा एक स्वर से बताया गया कि पूर्वी चंपारण जिला अपने गंगा जमुनी तहजीब के लिए जाना जाता रहा है। इस पर्व को भी इसी सलीके से शांतिपूर्वक संपन्न कर लिया जाएगा।

बताया गया कि सभी जगह थाना स्तर से लेकर अनुमंडल स्तर पर शांति समिति की बैठक संपन्न हो चुकी है एवं सभी जरूरी निर्देश मिल गए हैं और उसका अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। ताजिया की हाइट कम रखना एवं डीजे का प्रयोग बिल्कुल ही नहीं करने की बात सभी समितियों को बता दी गई है एवं इसका अनुपालन कराया जाएगा। बैठक में बताया गया कि उन महत्वपूर्ण स्थलों पर जहां ताजिया का मिलन होता है वहां समिति के लोगों में आगे निकलने की एक ललक होती है, वहां पर विशेष चौकसी बरतने की जरूरत है। इसको लेकर के जानपुल,ज्ञान बाबू चौक, मधुबन छावनी चौक, धर्म समाज चौक इत्यादि जगह पर चौकसी की आवश्यकता है। बैठक में उपस्थित डॉ लालबाबू प्रसाद गुप्ता ने कहा कि नगर निगम के तरफ से साफ सफाई की व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कहीं से भी जुलूस में लोगों को समस्याएं नहीं होगी। जगह-जगह पेय जल की व्यवस्था भी कराई जा रही है।
शांति समिति की बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम का पर्व दिनांक 26 जून को मनाया जाने की सूचना है जो चांद के दृष्टिगोचर होने पर निर्भर है। इस पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारी पूर्ण कर ली है।

इसको लेकर के जिला अंतर्गत चिन्हित कुल 576 स्थलों पर दंडाधिकारी/ पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है जिसमें मोतिहारी में181,सिकरहना में 129, पकड़ीदयाल में 48, अरेराज में 59, चकिया में 105 और रक्सौल में 54 स्थान को चिन्हित किया गया है और वहां शांति और सुरक्षा के मद्देनजर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि अनुमंडल स्तर पर एवं जिला स्तर पर 24 घंटा कार्यरत रहने वाले कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। जिला कंट्रोल रूम 0652- 242418 पर कार्यरत रहेगा एवं इस पर किसी भी तरह की सूचना दी जा सकती है जिस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि बिना लाइसेंस के जुलूस नहीं निकाला जाए। जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस के अनिवार्यता है। जुलूस निकालते समय निर्धारित समय एवं रूट का निश्चित रूप से अनुपालन किया जाए। इसमें कहीं से भी शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। जुलूस पर निगरानी रखने के लिए सभी संवेदनशील जगह पर सीसीटीवी कैमरा लगाई जा रही है एवं ड्रोन कैमरा के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी। साथ ही साथ सभी जुलूस का वीडियो ग्राफी करने का भी निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने समिति के सदस्य गण का आह्वान किया कि आप सभी एक अभिभावक के रूप में जुलूस के साथ हमेशा उपस्थित रहेंगे एवं दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी समितियों के द्वारा वॉलिंटियर्स को चिन्हित किया जाए एवं उनका नाम एवं मोबाइल नंबर स्थानीय थाना को उपलब्ध करा दिया जाए ताकि समय पड़ने पर प्रशासन उनका सहयोग ले सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि डीजे को पूर्णत प्रतिबंधित किया गया है एवं लाउडस्पीकर का भी उपयोग नहीं किया जाना है। उन्होंने कहा कि आज संध्या पहर से ही सभी पदाधिकारी क्षेत्र भ्रमण में रहेंगे और आसूचना संग्रह करेंगे एवं छोटी सी छोटी घटनाओं पर भी बारीक नजर रखेंगे और उसका समाधान करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देश एवं विभिन्न थाना स्तर से लेकर अनुमंडल स्तर पर शांति समितियां के साथ बैठक में दिए गए निर्देश का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित करना होगा। कहीं से भी शिकायत मिलने पर जिला प्रशासन कठोर कार्रवाई करने से नहीं चुकेगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था इतनी चुस्त रखी गई है कि कोई भी असामाजिक तत्व अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाएगा। सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है और इसके लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है साथ ही साइबर सेनानी भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक में शांति समिति के सदस्यों से भी आह्वान किया कि अगर सांप्रदायिक तनाव वाले कहीं से वीडियो प्रसारित होते हो तो तुरंत उसको पुलिस अधीक्षक अथवा जिलाधिकारी को उपलब्ध कराया जाए ताकि उस पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर्व के अवसर पर सादे लिवास में पुलिस चारों तरफ भ्रमणशील रहेगी। डायल 112 भी 24 घंटा भ्रमणशील रहेगा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी तरह के हथियार का प्रदर्शन पर रोक लगाई गई है। तलवार, भाला, गड़ासा इत्यादि हथियारों का प्रदर्शन नहीं किया जाना है। उन्होंने बताया कि असामाजिक तत्वों की पहचान करते हुए अनुमंडल स्तर पर बड़ी संख्या में बाउंड डाउन कराया गया है और यह कार्य अभी भी जारी है।
बैठक में उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी के द्वारा बताया गया कि जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन कर लिया गया है एवं निर्धारित मार्ग से जुलूस निकले इसको लेकर सख्त हिदायत भी समितियां को दी गई है।

Khabare Abtak
Author: Khabare Abtak

Leave a Comment

लाइव टीवी
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
पंचांग
rashifal code
सोना चांदी की कीमत
Marketing Hack4u