मोतिहारी के पताही थाना क्षेत्र के जिहुली जमुनी टोला में सड़क पर पानी गिराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. चाकूबाजी में मरीना खातून और जमील अख्तर की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं.
मोतिहारी जिले के पताही थाना क्षेत्र के जिहुली जमुनी टोला गांव में सड़क पर पानी गिराने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. बुधवार सुबह भैंस नहलाने के दौरान सड़क पर पानी गिराने को लेकर मोहसिन अख्तर और संजय सिंह के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान मामला इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी होने लगी. इस घटना में मोहसिन अख्तर की पत्नी मरीना खातून (35) और उनके भाई जमील अख्तर (36) गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं.
बताया जाता है कि घटना के बाद घायल मरीना खातून और जमील अख्तर को इलाज के लिए स्थानीय स्तर पर ले जाया गया. इसके बाद दोनों पक्ष पंचायती के लिए दो लोगों के पास गए और फिर पताही थाना पहुंचे. इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय लग गया, जिसके कारण घायलों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका. खून ज्यादा बह जाने और समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण दोनों की हालत गंभीर हो गई. सूचना मिलने पर पताही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पताही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया, जहां सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. घटना के बाद गांव पुलिस बल तैनात हैं। मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है


