सदर एसडीओ अरुण कुमार ने सुगौली पहुंचकर स्थानीय अधिकारियों के साथ सिकरहना नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया। उन्होंने सिकरहना तटबंध और लालपरसा धूमनी टोला बांध का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर के नायका टोला में पानी के स्तर का भी आकलन किया गया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान बीडीओ नूतन किरण और सीओ कुंदन कुमार मौजूद थे। सीओ कुंदन कुमार ने बताया कि स्थिति सामान्य है और क्षतिग्रस्त स्थानों पर मरम्मत का कार्य जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हालांकि, सिकरहना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। रविवार को नदी का पानी नगर के वार्ड एक स्थित नायका टोला सहित निचले भाग में तीसरे दिन भी प्रवेश कर रहा है। पानी खेतों में फैलने से किसानों में बाढ़ और फसल क्षति की चिंता बढ़ गई है। नायका टोला मार्ग पर करीब ढाई फीट पानी जमा होने से आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे लोगों को घरों से बाहर निकलने और आवश्यक सामग्री खरीदने में परेशानी हो रही है। जलस्तर में वृद्धि के कारण तटवर्ती गांवों में भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
इस वर्ष उत्तरी दिशा में धूमनी में वर्षों से ध्वस्त पड़े बांध का निर्माण हुआ है, जिसके चलते पानी का बहाव दक्षिणी दिशा में अधिक हो रहा है। इससे नगर क्षेत्र के अधिक प्रभावित होने की आशंका है।
सिकरहना नदी के दक्षिण ओर निर्माणाधीन बांध पर सुलिस गेट के लिए छोड़े गए स्थल के सहारे भी पानी तेजी से विशुनपुरवा सरेह में प्रवेश कर रहा है। बौधी माई और नासी के समीप भी पानी का तेज बहाव देखा जा रहा है। धान और गन्ने की फसल में पानी का फैलाव हो रहा है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच रहा है।


