मोतिहारी।
पूर्वी चम्पारण जिले के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर तक श्रद्धालुओं की पहुँच को सुलभ और सुगम बनाने की दिशा में ठोस पहल की गई है। सांसद एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से प्रस्तावित निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया और विकास कार्यों को शीघ्र धरातल पर उतारने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यह निर्णय लिया गया कि मोतिहारी मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण के उपरांत आईटीआई के निकट से अरेराज गांव होते हुए सोमेश्वर नाथ मंदिर तक एक लिंक पथ का निर्माण कराया जाएगा। इससे न केवल तीर्थयात्रियों को सीधी और सहज कनेक्टिविटी प्राप्त होगी, बल्कि क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को भी बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही सोमेश्वर नाथ उच्च विद्यालय के समीप लगभग दो हजार व्यक्तियों की क्षमता वाले एक शेड युक्त सभागार के निर्माण का भी प्रस्ताव है। यह सभागार बड़े धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए स्थायी रूप से उपयोगी होगा।
इसके अतिरिक्त अनुमंडल व्यवहार न्यायालय में कोर्ट रूम की अपर्याप्तता के कारण न्यायिक कार्य बाधित न हो, इस हेतु जिला प्रशासन को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के अवसर पर सांसद राधामोहन सिंह के साथ जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल, अनुमंडल पदाधिकारी सहित प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। क्षेत्र की जनता के हित में इन सभी विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने का आश्वासन दिया गया।


