मोतिहारी।
जिला कोषागार कार्यालय एवं जिला भविष्य निधि कार्यालय का जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने समेकित निरीक्षण किया। निरीक्षण जनसाधारण को कोषागार से संबंधित सेवाएं — यथा वेतन भुगतान, पेंशन संवितरण, भविष्य निधि निकासी एवं अन्य सरकारी देयताओं का समय पर एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन हेतु किया गया था। निरीक्षण के दौरान वरीय कोषागार पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, सहायक कोषागार पदाधिकारी धनंजय कुमार एवं सहायक जिला लेखा पदाधिकारी श्याम कुमार उपस्थित रहे। समाहर्ता द्वारा कार्यालय में सम्पादित किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली गई। समाहर्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोषागार कार्यालय एक अत्यंत संवेदनशील एवं जनमहत्व का कार्यालय है, जहाँ सरकारी कर्मचारियों के वेतन, सेवानिवृत्त कर्मियों की पेंशन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत देय धनराशि का संवितरण होता है। अतः यहाँ किसी भी स्तर पर विलंब अथवा लापरवाही स्वीकार्य नहीं है और प्रत्येक कर्मी को पूर्ण निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति का अवलोकन किया गया, जिसमें संतोषजनक स्थिति पाई गई कि समस्त कर्मी ससमय उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। इसी क्रम में कार्यालय में लंबित विपत्रों की स्थिति का विशेष रूप से जायजा लिया गया। समाहर्ता ने निर्देश दिया कि लंबित विपत्रों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, क्योंकि इनमें विलंब से सीधे तौर पर सरकारी कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पेंशनभोगियों एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रकरणों को विशेष संवेदनशीलता के साथ निपटाने पर बल दिया गया।
तत्पश्चात कोषागार कार्यालय परिसर की स्वच्छता एवं समग्र व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यालय परिसर सदैव स्वच्छ एवं व्यवस्थित रहे, जिससे कि आम नागरिकों को कार्यालय में आने पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। बजगृह का भी विधिवत निरीक्षण किया गया, जिसके दौरान परिसर में रखी अनुपयोगी सामग्रियों के संबंध में पूछताछ की गई तथा उनके उचित निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। बजगृह एवं कोषागार कार्यालय में संधारित संचिकाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया तथा उनके उचित रख-रखाव एवं सुरक्षित संधारण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


