सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर 31 अक्टूबर को होगा अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह, कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
मोतिहारी।
सुगौली स्थित सरगम मैरेज हॉल में 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती समारोह का आयोजन कुर्मी समुदाय द्वारा किया जाएगा। समारोह में बिहार के कई जिलों के लोगों के साथ पड़ोसी देश नेपाल के मंत्री, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और बुद्धिजीवी शामिल होंगे। मुख्य रूप से पूर्व केन्द्रीय मंत्री आरसीपी सिंह, बृषिण पटेल, हिमांशु पटेल, रंजन पटेल सहित अन्य लोग शामिल होंगे। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर प्रवीण कुमार पटेल की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें उन्होंने बताया कि समारोह में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर समेत बिहार के विभिन्न जिलों से लोग पहुंचेंगे। वहीं, नेपाल के कई मंत्री और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। समारोह को सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि अतिथियों और प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इससे पहले आयोजन समिति की समीक्षा बैठक भी सरगम मैरेज हॉल में हुई थी। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत-सत्कार और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। सदस्यों ने आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया।
आयोजकों ने कहा कि समारोह के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति उनके संकल्प को याद किया जाएगा। मौके पर रूपेश पटेल, अमरकिशोर पटेल, शिवपूजन पटेल, राज सिंह पटेल, दीपक पटेल, सुभाष पटेल, संतोष पटेल, प्रशांत पटेल और पप्पू पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


