पूर्णिया।
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में आज पूर्णिया में ‘बिहार बदलाव जनसभा’ करने पहुंचे। कसबा के गढ़बनैली हाई स्कूल मैदान में जनसभा को संबोधित करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से भी बात की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संसद में पेश किए गए नए संवैधानिक संशोधन बिल का समर्थन किया।
प्रशांत किशोर ने कहा कि यह बिल इसलिए लाया जा रहा है कि संविधान बनाने वालों ने यह नहीं सोचा होगा कि कभी सत्ता में बैठे लोग इतने भ्रष्टाचारी हो जायेंगे। इतने बड़े क्रिमिनल हो जायेंगे कि उनको जेल जाना पड़ेगा और जेल जाने के बाद भी अपना पद नहीं छोड़ेंगे। इस लिहाज से यह सही बिल है कि अगर कोई नेता जेल जा रहा है तो वहां से बैठकर सत्ता नहीं चला सकता है।
प्रशांत किशोर ने आगे तेजस्वी यादव द्वारा राजद को लाठी के साथ लैपटॉप वाली पार्टी बताए जाने पर भी तंज भरा हमला किया। उन्होंने कहा कि सच को बहुत देर तक छुपाया नहीं जा सकता है। आखिरकार तेजस्वी ने सच स्वीकार कर लिया है। हमलोग कहते रहे हैं कि राजद लाठी-डंडे और कट्टे वाली पार्टी है। इनकी सरकार जब थी तब लाठी-डंडा, अपहरण, लूट और रंगदारी ही बिहार की पहचान थी।
बिहार के बाढ़ पीड़ितों को सात हजार रुपये देने के नीतीश सरकार के ऐलान पर भी प्रशांत किशोर ने हमला किया। उन्होंने कहा कि 20 साल से बाढ़ की समस्या का निपटारा नहीं कर सके। 2008 के कोसी पीड़ित आज भी विस्थापित हैं, उन्हें कुछ राहत नहीं मिली। सीमांचल, भागलपुर-मुंगेर समेत बड़े हिस्से में बाढ़ है। बाढ़ हर बार नेताओं-अफसरों के लिए कमाने का जरिया बन गई है। जल संसाधन विभाग सबसे बड़ा उगाही विभाग हो गया है।
उन्होंने आगे बिहार में बाढ़ की समस्या खत्म करने को लेकर जन सुराज पार्टी का विजन भी बताया। कहा कि जब तक बिहार में एक ‘वाटर ग्रिड’ नहीं बनेगा, तब तक बाढ़ की समस्या का हल नहीं होगा। जन सुराज की व्यवस्था बनने पर गंडक-कोसी समेत तमाम प्रोजेक्ट खत्म कर एक ‘वाटर ग्रिड’ बनाया जाएगा, ताकि उत्तर बिहार में बाढ़ लाने वाली नदियों के पानी को जलजमाव की समस्या वाले मध्य बिहार और सूखाग्रस्त दक्षिण बिहार तक ले जाया जा सके।




Total Users : 17215
Views Last 30 days : 1323
Views This Month : 534