मोतिहारी।
सुगौली प्रखंड के कैथवलिया पंचायत भवन परिसर में जीविका एवं पशुपालन निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय पशु स्वास्थ्य जागरूकता सह उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बडे संख्या में पशुपालक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत जीविका प्रखंड परियोजना प्रबंधक जयप्रकाश सिंह एवं भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ.रविशंकर देव वर्मन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य से ही पशुपालकों की आय में वृद्धि संभव है। ऐसे शिविर पशुपालकों को तकनीकी जानकारी के साथ-साथ समय पर इलाज उपलब्ध कराने में सहायक साबित हो रहे हैं।
शिविर में करीब 200 पशुपालक अपने पशुओं को लेकर शिविर में पहुंचे।जहां करीब 500 पशुओं की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क इलाज एवं आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। पशु चिकित्सा टीम द्वारा पशुपालकों को जागरूक करते हुए पशुओं में होने वाली सामान्य बीमारियों, टीकाकरण, पोषण प्रबंधन एवं स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
कार्यक्रम में जीविकोपार्जन विशेषज्ञ कौशिक घोष, क्षेत्रीय समन्वयक अंशु कुमार पांडे, सामुदायिक समन्वयक रीना कुमारी, बुक्कीपर विजय राम, रूपेश पांडेय, रूपेश कुमार, जीविका मित्र पूर्णिमा, रिंकी, पूजा, शीला, सरोज, बबीता सहित जीविका की पशु सखी संगीता, इंदु, पूनम समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में उपस्थित पशुपालकों ने इस पहल के लिए जीविका एवं पशुपालन विभाग का आभार जताया।


